धर्मशाला : बीएसएनएल पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
शिवांशु शुक्ला। धर्मशाला
अखिल भारतीय बीएसएनएल पेंशनर्स वेल्फेयर एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को पेंशनर्स ने केंद्र सरकार के खिलाफ बीएसएनएल मुख्यालय चीलगाड़ी धर्मशाला में प्रदर्शन किया। संघ के प्रधान अमरजीत सिंह व सचिव लाल सिंह चौहान ने बताया कि बीएसएनएल और एमटीएनएल में दूरसंचार विभाग से विलय किए गए कर्मचारियों को पेंशन केंद्र सरकार देती है। इन पेंशनर्स की पेंशन पहली जनवरी, 2017 से रिवाइज होनी थी, लेकिन 6 वर्ष का समय बीतने के बाद भी पेंशन रिवाइज नहीं की गई है, जिसके विरोध में मंगलवार को देश भर में बीएसएनएल कर्मियों ने महाप्रबंधक दूरसंचार कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान महाप्रबंधक के माध्यम से संचार सचिव दूरसंचार विभाग को एक मांग पत्र भी भेजा गया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी द्वारा जल्द ही संचार भवन दिल्ली के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी, जिस में प्रदेश के पेंशनर्स भी भाग लेंगे।
