कैबिनेट के फैसले : ढाई सौ से ज्यादा नौकरियों की सौगात, खनन विभाग में भरेंगे 60 पद
- ड्रोन पॉलिसी और हिमाचल प्रदेश लॉजिस्टिक्स पॉलिसी-2022 को भी मिली हरी झंडी
हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। पिछली कैबिनेट बैठक की तरह ही इस बार भी कैबिनेट ने विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े कई पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की है। अग्निशमन विभाग में 129, खनन विभाग में 60, शिक्षा विभाग में 47, स्वास्थ्य विभाग में 35, पशुपालन विभाग में 5 और जल शक्ति विभाग में एक नया पद सृजित हुआ है। साथ ही ड्रोन पॉलिसी को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। चुनावी साल में कैबिनेट ने विभिन्न क्षेत्रों की कई मांगों को भी हरी झंडी दिखाई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट में निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 12 पटवार सर्कल खोले जाएंगे।
कैबिनेट में बस अड्डा बाबा बरोह के निर्माण के लिए कांगड़ा जिला की बरोह तहसील के मौजा दनोआ में 00-46-08 हेक्टेयर वन भूमि हिमाचल प्रदेश सड़क परिवहन निगम के पक्ष में 99 वर्ष की लीज आधार पर देने का निर्णय लिया गया है। कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों के त्वरित निपटान के लिए रेलवे पुलिस स्टेशन शिमला के अंतर्गत सोलन जिले के टकसाल में राजकीय रेलवे पुलिस की सीमा चौकी परवाणू को फिर से खोलने का भी निर्णय लिया गया है। बैठक में हिमाचल प्रदेश लॉजिस्टिक्स पॉलिसी-2022 को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त निर्णय लिया गया है कि हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक कामगार अब 75 घंटों के बजाय 125 घंटे तक ओवरटाइम कर सकेंगे। यह ओवरटाइम की सुविधा 3 महीने के दौरान प्राप्त होगी। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने आज 35 कोड को क्लब करके चार कोड बनाए हैं।
प्रदेश में बढ़ते अवैध खनन के मामलों के बीच कैबिनेट में अवैध खनन की निगरानी के लिए उद्योग विभाग में खनन निरीक्षक के 12 पद, सहायक खनन निरीक्षक के 24 पद और खनन रक्षक के 24 पदों के सृजन को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके अलावा मंडी जिला के धर्मपुर स्थित जल शक्ति विभाग में अधीक्षण अभियंता, यांत्रिकी का एक पद सृजित करने को स्वीकृति प्रदान की गई है।
खुलेंगी नई अग्निशमन चौकियां, 129 पद सृजित :
कैबिनेट ने मंडी जिला के निहरी और कुल्लू जिला के जरी स्थित धौंकड़ा में नई अग्निशमन चौकियां खोलने तथा लाहौल-स्पीति जिला के उदयपुर और चंबा जिला के किलाड़ में दो नए उप अग्निशमन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने शिमला जिले के चौपाल, सिरमौर जिला के शिलाई और लाहौल-स्पीति जिले के केलांग स्थित तीन अग्निशमन चौकियों को स्तरोन्नत कर उप अग्निशमन केंद्र बनाने व विभिन्न श्रेणियों के 129 पद सृजित कर भरने सहित इन केंद्रो के प्रभावी प्रबंधन के लिए 16 वाहनों को भी स्वीकृति प्रदान की।
नए पशु औषधालय खुलेंगे, 5 पद सृजित
कैबिनेट ने मंडी जिले की नगर परिषद सुंदरनगर के बाड़ी में नया पशु औषधालय स्थापित करने और यहां विभिन्न श्रेणियों के दो पदों को सृजित कर भरने की भी स्वीकृति प्रदान की है। मंडी जिले की बालीचौकी तहसील के अंतर्गत पशु औषधालय थाची को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत कर विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन व भरने को स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्कूलों को किया स्तरोन्नत, 47 नए पद सृजित :
कैबिनेट ने कांगड़ा जिला के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय उच्च पाठशाला बरोट को स्तरोन्नत कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करने, मण्डी जिला के द्रंग क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला सकरयार, सरकाघाट क्षेत्र की राजकीय माध्यमिक पाठशाला कलखर और सिरमौर जिला के पच्छाद क्षेत्र में स्थित राजकीय माध्यमिक पाठशाला मण्डी खड़ाना को राजकीय उच्च पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने तथा सिरमौर जिला के पच्छाद क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला धड़ीक डिंगरी को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 20 पदों को सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
साथ ही मंडी जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों पलाहीधार और घैणीध को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने और मंडी जिला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय काण्ढी को राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने और इन विद्यालयों में 11 पदों को सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त जिला सिरमौर के नौहराधार में नव स्वीकृत राजकीय महाविद्यालय के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई है।
अस्पताल में बिस्तरों की क्षमता बढ़ाई, 35 पद सृजित :
कैबिनेट ने कांगड़ा जिला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरोटा सूरियां की बिस्तर क्षमता छह से बढ़ाकर 50 बिस्तर कर स्तरोन्नत करने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 27 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया है। साथ ही सोलन जिले के दाड़लाघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने व इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के आठ पदों को भरने का भी निर्णय लिया। कैबिनेट ने कांगड़ा जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंडी को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाने का भी निर्णय लिया।
ये पटवार सर्कल बनेंगे :
कैबिनेट बैठक में सिरमौर जिला की नाहन तहसील में त्रिलोकपुर, मोगीनन्द और बरमापापड़ी पटवार वृत्तों का पुनर्गठन कर पांच नए पटवार वृत्त पालियों, अम्बवारा सैनवाला, कालाअम्ब, देवनी और नागल सुकेती के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई है। बैठक में कांगड़ा जिला की उप-तहसील रे के हटली और मलहान्टा के मौजूदा पटवार वृतों का पुनर्गठन कर नया पटवार वृत्त नंगल बनाने के अतिरिक्त पटवार वृत्त मलहान्टा में पटवार वृत्त अग्हार के दो मुहाल शामिल करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
