दाड़लाघाट : एनसीसी सोलन यूनिट के कैडेट्स ने आपना 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण कैंप किया पूर्ण
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन के 1 एचपी बॉयज बटालियन एनसीसी सोलन यूनिट के कैडेट्स ने अपना 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण कैंप सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में आयोजित इस कैंप में विद्यालय की एनसीसी अधिकारी सुमन बट्टू के निर्देशन में 23 कैडेट्स ने भाग लिया। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बीएस पनाग, सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार एवं सुबेदार मेजर दिनेश कुमार गुलेरिया के संरक्षण में संपन्न हुए। इस कैंप में विद्यार्थियों को ड्रिल, फायरिंग तथा डिजास्टर मैनेजमेंट आदि महत्त्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों को खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भी भाग लेने का मौका मिला।
कैडेट्स ने समापन समारोह में रंगारंग नाट्टी प्रस्तुत की। कैडेट तनुजा, स्नेहा, शिल्पा तथा ईशा ने खो-खो में रनर अप रहने पर सिल्वर मेडल जीता। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को इस सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा एनसीसी के अनुशासन व लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जहां शैक्षणिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। वहीं, विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि उनका संपूर्ण व समग्र विकास हो सके।
