दाड़लाघाट : मजदूर महासंघ के आह्वान पर संपूर्ण भारत में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के आह्वान पर संपूर्ण भारत मे एक दिवसीय धरना प्रदर्शन अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट में सीमेंट महासंघ के महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।इस दौरान श्रमिकों ने अंबुजा सीमेंट के मैन गेट पर टेंट लगाकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की और रोष प्रकट किया। महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुराना सीमेंट वेतन समझौता 31 मार्च, 2022 को समाप्त हो चुका है और 01 अप्रैल 2022 से नया समझौता लागू हो चुका है, लेकिन तीन माह पूर्ण होने वाले हैं, लेकिन अभी तक सीमेंट निर्माता संघ ने वार्ता के लिए तिथि सुनिश्चित नहीं की। इसी संदर्भ में पूरे भारत में 08 घंटे का धरना प्रदर्शन किया गया और यदि सीमेंट निर्माता संघ ने वार्ता के लिए नहीं बुलाया तथा सीमेंट उद्योगों में काम करने वाले श्रमिकों की पीड़ा और परेशानी को नजरअंदाज किया, तो शीघ्र ही काली पट्टी, टूल डाउन, धरना प्रदर्शन और कार्य रोको अभियान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीमेंट उद्योगों में ठेका श्रमिकों की संख्या 80 प्रतिशत हो गई है और वेज बोर्ड केवल 20 प्रतिशत ही बचा है। सीमेंट उद्योग एक शोषण और अन्याय का अड्डा बन चुका है। संपूर्ण भारत में सीमेंट उद्योग के श्रमिक अनेक प्रकार से पीड़ित हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसलिए आने वाले समय मे सीमेंट उद्योगों में अशांति का वातावरण बना रहेगा, जब तक वेतन समझौता नही होता। धरना प्रदर्शन में अध्यक्ष सुरेश कुमार, महामंत्री नरेश कुमार, उपाध्यक्ष टेक चंद, सचिव राकेश महाजन, कमल भट्टी व कोषाध्यक्ष रुवेश सहित लगभग 450 श्रमिकों ने भाग लिया।
