कांगड़ा के रानीताल स्कूल में "वो दिन योजना" कार्यक्रम के तहत हुआ शिविर का आयोजन
तिलक राज। कांगड़ा
महिला एवं बाल विकास विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा संचालित 'वो दिन योजना' के अंतर्गत आज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीताल में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को मासिक धर्म, स्वच्छता, संतुलित आहार और एनीमिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी कांगड़ा वंदना कटोच के निर्देशानुसार व प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह के सहयोग से किया गया। आज के इस कार्यक्रम में आयुष विभाग से डॉ. नवदीप ने छात्राओं को एनीमिया और योग विषय पर विस्तृत जानकारी दी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा अवगत करवाया गया कि 'वो दिन योजना' के अंतर्गत पंचायत स्तर पर सशक्त महिला केंद्रों के माध्यम से इस योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति गलत धारणाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी समाज और देश सशक्त बनेगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी कांगड़ा वंदना कटोच ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए जननी हैं। इस शिविर में बाल विकास परियोजना अधिकारी कांगड़ा वंदना कटोच, प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह, राजेश कुमार, डॉ. नवदीप, किशोर स्वस्थ शिक्षक बंदना, पर्यवेक्षक नीलकमल, नीतू, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
