सोलन में उप-रोजगार कार्यालय में 26 व 27 फरवरी को कैंपस इंटरव्यू, 143 पदों पर भर्ती
जिला सोलन में उप-रोजगार कार्यालयों में आगामी 26 और 27 फरवरी, 2026 को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को उप-रोजगार कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर, बद्दी में 57 पदों के लिए और 27 फरवरी को उप-रोजगार कार्यालय, नालागढ़ में 86 पदों के लिए भर्ती कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
जगदीश कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को मैसर्ज़ हिम इंजीनियर इंडिया प्रा. लि., बद्दी के वेल्डर, प्रेस ऑपरेटर, ड्राइवर ट्रक के 17 पद तथा मैसर्ज़ अर्युदा ग्लोबल, चंडीगढ़ के ऑपरेटर, टेली कॉलर, कोऑर्डिनेटर और फील्ड इंजीनियर के 40 पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित होंगे। वहीं 27 फरवरी को मैसर्ज़ पेंगुइन इलेक्ट्रॉनिक प्रा. लि., नालागढ़ द्वारा ट्रेनी के 80 पद और मैसर्ज़ कोमेड केमिकल, बद्दी द्वारा एग्जीक्यूटिव, हेल्पर व केमिस्ट के 6 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू होंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, वेल्डर, बी.फार्मा, डी.फार्मा, बी.टेक इलेक्ट्रॉनिक्स तथा आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। जगदीश कुमार ने बताया कि उम्मीदवारों को सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित प्रातः 10.30 बजे संबंधित उप-रोजगार कार्यालय में पहुंचना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
