किन्नौर जिले में चलाया भांग उखाड़ो अभियान
( words)
नशे के समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस की पूर्व गतिविधियों के तहत 19 से 25 जून तक प्रदेश सहित जिला किन्नौर में नशा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिला किन्नौर में जिला कल्याण विभाग द्वारा भांग उखाड़ो अभियान चलाया गया जिसके तहत जिला के विभिन्न स्थानों में भांग उखाड़ कर लोगों को नशेे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। भांग उखाड़ो अभियान के तहत आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ के परिसर व आस-पास के क्षेत्र में विद्यार्थियों व अध्यापकों द्वारा भांग उखाड़ी गई व साथ ही आम लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
इसी प्रकार जिला की ग्राम पंचायत बारंग व ग्राम पंचायत पोण्डा में महिला मंडल, युवक मंडल व स्वयं सहायता समूहों द्वारा अपनी-अपनी पंचायतों में भांग उखाड़ो अभियान चला कर पंचायत को भांग रहित किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की महिलाओं द्वारा पंचायतवासियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों बारे बताया गया तथा सभी से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के सदस्यों विषेशकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए आगे आएं।