आनी के शबाड़ में कार दुर्घटनाग्रस्त; एक की मौत, तीन घायल
चमन शर्मा। आनी
पुलिस थाना आनी के अंतर्गत निगान रानाबाग सड़क मार्ग पर दरोट नामक स्थान के पास एक कार अनियंत्रित होकर खेत में लुढ़कते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक सहित सवार तीन अन्य व्यक्तियों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। डीएसपी आनी रविन्द्र नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार देर शाम को चार युवक कार नम्वर एचपी 35-7232 में बैठकर अपने अपने गंतव्य स्थानों की ओर जा रहे थे। इसी बीच शबाड़ से आगे गुजरते समय दरोट के पास कार चालक चंद्रेश कुमार गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क 100 मीटर नीचे खेतों में लुढ़कते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार चार युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र गोवर्धन निवासी ब्रहाबाग, डिगेढ़ के रूप में हुई है, जबकि घायलों में राम लाल,राकेश कुमार ,चालक चंद्रेश कुमार तीनों निवासी ओडीधार (कोठी) शामिल हैं। डीएसपी आनी रविन्द्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस सम्बंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि भाजपा प्रत्याशी लोकेन्द्र कुमार ने भी घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए परिजनों को सांत्वना दी है।
