ज्वालामुखी : जूजपुर स्कूल में छात्रों के सिर पर गिरा छत का प्लास्टर, बाल-बाल बचे छात्र
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी
उपमंडल ज्वालामुखी के अन्तर्गत पड़ते खुंडिया के तहत जूजपुर स्थित शहीद रणजीत सिंह राजकीय उच्च विद्यालय में सोमवार को सुबह एक घटना घटित हो गई, जिसमें अपनी कक्षा में पढ़ रहे बच्चे उस वक्त बाल-बाल बच गए जब उनके ऊपर स्कूल की बिल्डिंग की छत से प्लास्टर गिर गया गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, परंतु यह सिलसिला आज ही नहीं हुआ। इससे पूर्व भी यह काफी दफा हो चुका है। इस स्कूल की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही हैं, जिसमें स्कूल में उक्त प्लास्टर छत से गिरकर नीचे गिरा हुआ है। स्थानीय स्कूल अध्यापक राकेश राणा ने बताया इस स्कूल में छात्र के साथ अध्यापक भी डर के साये में जी रहे हैं। क्योकिं किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
राकेश राणा ने बताया पुरानी सरकार में पूर्व विधायक को भी इस बारे में कई दफा बताया गया पर उन्होंने अनसुना किया। बताते चलें कि 23 अगस्त, 2021 को एसडीएम ज्वालामुखी मनोज ठाकुर ने इस स्कूल का निरीक्षण किया था, परंतु इस पर कोई कार्य नहीं हुआ, जिससे स्थानीय स्कूल प्रशासन भी परेशान है। वहीं, इस संदर्भ में बीआरसीसी खुंडिया संजय कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व ही यहां ज्वाइन किया है। आपके माध्यम से मामला मेरे ध्यान में आया है। जल्द ही उक्त स्कूल का निरीक्षण करवाया जाएगा और समस्या का समाधान भी किया जाएगा।
