चम्बा : वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर क्षय रोग अस्पताल चंबा में मरीजों को फल किए गए वितरित

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य पर क्षय रोग अस्पताल चम्बा में आज मरीजों में फल बांटे गए। राजा वीरभद्र फ़ाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्व. वीरभद्र सिंह को याद किया गया। इस मौके पर फाउंडेशन के ट्रस्टी नवीन चौणा ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक जननायक और निस्वार्थ शख्सियत कहकर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक कुशल वैद्य मरीज की नब्ज पकड़ते ही मर्ज का पता लगा लेता है और इलाज करता है, उसी तरह पूर्व मुख्यमंत्रीवीरभद्र सिंह भी हिमाचल की जनता की नब्ज से वाकिफ थे। उन तक पहुंचने वाले हर फरियादी को उन्होंने कभी खाली हाथ नहीं लौटाया। वे स्वभाव से ही संघर्षशील थे। उन्होंने कहा कि 6 बार हिमाचल के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने वाले वीरभद्र सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन में जनता का भरपूर स्नेह हासिल किया। वे लोगों के दिलों में राज करते थे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह निर्णय लेने और उन्हें हकीकत में बदलने के लिए जाने जाते रहे। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश का सर्वांगीण विकास करवाया। इस मौके पर एनएसयूआई कैंपस अध्यक्ष आर्यन भारद्वाज सहित एनएसयूआई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।