चंबा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से पकड़े साइबर ठगी के दो आरोपी
साइबर ठगी को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को चंबा पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से 14 सिम कार्ड, दस मोबाइल फ़ोन सहित कुछ एटीम, पासबुक और चेकबुक भी बरामद किए हैं। चंबा लाकर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश सुनाए हैं। अब पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल कर रही है। लिहाजा इस मामले में और गिरफ्तारियां भी जल्द हो सकती हैं। मिली जानकारी के अनुसार गत वर्ष अगस्त माह में साइबर ठगों ने चंबा शहर के एक युवक को झांसे में फंसा कर उसके पिता के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपये की धनराशि पर हाथ साफ कर लिया था।
पुलिस में दी गई शिकायत में युवक ने बताया था कि कुछ दिन पूर्व उसके पिता ने अपनी कार को बेच दिया था। कार पर लगे फास्टैग के खाते में शेष करीब 4100 रुपये रिफंड करवाने के उद्देश्य से उसने फास्टैग का टोल फ्री नंबर गूगल पर तलाशा। फर्जी वेबसाइट पर क्लिक करने के कारण वह साइबर शातिरों की झांसे में फंस गया। पहले उसने टोल फ्री नंबर पर फोन किया, जिसके उपरांत शातिरों ने शिकायतकर्ता को किसी अन्य नंबर से फोन किया। इसके बाद उन्होंने युवक से बैंक खाते से संबंधित कुछ जानकारी साझा करने को कहा। युवक की ओर से जानकारी दी गई तो शातिरों ने उसे मोबाइल में एनी डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा। यह वही एप है, जिसके माध्यम से शातिर ठगी को अंजाम देते हैं।
युवक की ओर से अपने पिता के मोबाइल में एप डाउनलोड की गई और शातिरों ने उसे 9 अंकों का एक कोड साझा करने को कहा। शातिरों के आग्रह पर युवक ने उन्हें कोड भी बता दिया। परिणामस्वरूप उसके मोबाइल का पूर्ण नियंत्रण शातिरों के कंप्यूटर में पहुंच गया। शातिरों ने उसके पिता के बैंक खाते से करीब 6 लाख रुपये उड़ा लिए। इसके बाद शिकायकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच को अंजाम दिया और एक टीम को चंबा से पश्चिम बंगाल भेजा गया। जहां पुलिस दल ने दो आरोपियों को धर दबोचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस ने दो साइबर शातिरों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वालों से सावधान रहने का आह्वान भी किया है।