मुख्यमंत्री ने की मंडी जिला के भदरोता में पाॅलिटेक्निक काॅलेज खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी जिला में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में भदरोटा क्षेत्र के गौंटा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए उप-तहसील भदरोता में पाॅलिटेक्निक काॅलेज खोलने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने उप-तहसील भदरोता के दोहपी में संयुक्त कार्यालय भवन खोलने और गौंटा (भदरोता) में हेलीपैड के निर्माण की घोषणा भी की। जयराम ठाकुर ने कहा कि लाॅकडाउन के दौरान राज्य के लाखों लोग देश के विभिन्न भागों में फंस गए थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगभग 2.50 लाख प्रदेशवासियों को सुरक्षित उनके घरों तक वापिस लाया गया। उन्होंने कहा कि गोवा से विशेष रेल गाडि़यों और राजस्थान के कोटा से हिमाचल पथ परिवहन की 60 बसों के माध्यम से प्रदेश के हजारों युवाओं को वापिस लाया गया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान विपक्ष के नेता इस संवेदनशील मामले का राजनीतिकरण करने में व्यस्त रहे।
सरकाघाट के विधायक कर्नल इन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री का उनके विधानसभा क्षेत्र में पधारने पर स्वागत किया तथा आज सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में 140 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भदरोटा क्षेत्र उनकी विधानसभा क्षेत्र का सबसे पिछड़ा क्षेत्र था लेकिन वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में इस क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक जरूरतों के प्रति संवेदनशील होने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र में बहुतकनीकी महाविद्यालय खोलने तथा संयुक्त कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बल्ह के विधायक इन्द्र सिंह गांधी, सुन्दरनगर संगठन जिला भाजपा अध्यक्ष दलीप ठाकुर, मण्डी जिला परिषद के अध्यक्ष पाल वर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष राज बली, भाजपा मण्डल अध्यक्षा निशा ठाकुर, भाजपा नेता डाॅ. सीमा ठाकुर, उपायुक्त अरिन्दम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
