मुख्यमंत्री ने दान की जीवन की जमापूंजी, आपदा राहत कोष में दिए 51 लाख रुपये
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा राहत कोष में अपने जीवन की सारी जमापूंजी दान कर दी। मुख्यमंत्री ने अपने तीन खातों से कुल 51 लाख रुपये की राशि आपदा राहत कोष में दान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बच्चों से इसकी प्रेरणा मिली है, बच्चे आपदा राहत कोष में अपने गुलक तोड़ कर दान कर रहे है। इसलिए वह स्वयं आगे आए और उन्होंने अपनी जमा पूंजी आपदा राहत कोष में दान दी है।
आपको बता दें कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री सुक्खू कोविड के दौरान विधायक रहते हुए पूरा एक साल का वेतन कोविड राहत कोष में दान कर चुके है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधायक भी आपदा राहत कोष में दिल खोल कर दान कर रहे है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों का भी धन्यवाद किया को आपदा राहत कोष में खुल कर दान कर रहे है।
मुख्यमंत्री अपने आवास ओक ओवर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मदद को लेकर पूछे सवाल पर कहा कि सभी नियमों के तहत केंद्र के समक्ष बात रखी जा रही है। केंद्र से लगातार आपदा में मदद की मांग की जा रही है और हम उम्मीद करते है कि केंद्र जल्द ही हिमाचल की मदद करेगा। इसके साथ ही चयन आयोग में होने वाली भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इसका चार्ट निकाला जाएगा और सभी को जल्द सूचित किया जायेगा।