शिमला : मुख्यमंत्री ने की अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गत सायं लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता की। प्रसिद्ध लोक गायक इंद्र जीत ने अपनी मधुर आवाज से लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में दर्शकों का मनोरंजन किया। मुख्यमंत्री ने गत पांच वर्षों की प्रदेश की विकासात्मक यात्रा पर आधारित गीत को भी जारी किया, जिसे प्रसिद्ध लोक गायक इंद्र जीत ने गाया है। इससे पहले, मुख्यमंत्री के सम्मान में कुल्लू नगर परिषद द्वारा नागरिक सम्मान और रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री को हिमाचली टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर को सम्मानित किया। विधायक जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी और किशोरी लाल सागर, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह व पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
