दाड़लाघाट : मुख्य संसदीय सचिव अवस्थी ने मलावन में सराय भवन का किया उद्घाटन
विधानसभा क्षेत्र अर्की की ग्राम पंचायत संघोई के गांव मलावन (बणी) में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने 1.50 लाख से निर्मित सराय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने मलावन में समिति भवन का शिलान्यास भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने गांव में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और मूलभूत सुविधाओं के ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है।
अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत विभिन विधानसभा क्षेत्रों में डे बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। इस स्कूल में ग्रामीण बच्चों को गुणात्मक शिक्षा मिलेगी। इसी वित्तीय वर्ष में विधायक निधि से मांगू और संघोई पंचायत के लिए एक नई पेयजल योजना का प्रावधान किया जायेगा, जिसका लाभ आने वाले समय में स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को थावड़ से पंप हाउस के लिए सड़क के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मलावन से थां सड़क निर्माण के लिए 1 लाख देने की घोषणा भी की। जनकल्याण समिति मलावन को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर ब्लॉक काग्रेस कमेटी अर्की अध्यक्ष सतीश कश्यप,जिला कांग्रेस के महासचिव राजेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष कांग्रेस सेवा दल संजय ठाकुर, अध्यक्ष ब्लॉक काग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग सीडी बंसल, युवा काग्रेस अर्की अध्यक्ष हेमंत वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोशन लाल वर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत संघोई जगत राम, व्यापार मंडल अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, गंगा राम, विद्या सागर, तुलसी राम, संत राम पंवर सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
