स्वच्छता पखवाड़े में ध्यानपुर गांव में चलाया सफाई अभियान
ग्राम पंचायत घणागुघाट के गांव ध्यानपुर में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत प्रधान धनीराम रघुवंशी की अध्यक्षता में किया गया। विकास खंड कुनिहार स्वच्छ भारत मिशन की समन्वयक हरदेई ठाकुर ने बताया कि 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पंचायत के विभिन्न गांव में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
वीरवार को इस कार्यक्रम के अंतर्गत गांव ध्यानपुर के महिला मंडल की महिलाओं द्वारा कई स्थानों पर उगी भांग को उखाड़ा गया तथा रास्तों के इर्द-गिर्द उगी अवांछित झाड़ियों तथा घास को काटा गया। प्राकृतिक जल स्रोतों की बावड़ियों में बरसात के मौसम में भरे मलबे को हटाया गया और गांव की नालियों को साफ किया गया। समन्वयक हरदेई ठाकुर ने बताया कि यह कार्यक्रम इसी प्रकार 5 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला मंडल प्रधान कांता देवी, सचिव सुनीता देवी, कोषाध्यक्ष गोदावरी, महिला मंडल सदस्य सोमा, सुनीता, ममता, मीना, निशा, रीता, राधा, शकुंतला, पूनम, पुष्पा, कौशल्या, विद्या और शर्मिला का विशेष योगदान रहा।
