CM सुक्खू का एक्शन, टांडा में छेड़छाड़ आरोपी लैब तकनीशियन निलंबित
कांगड़ा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में पीजी प्रशिक्षु डॉक्टर से कथित छेड़छाड़ के मामले में सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश के बाद आरोपी लैब तकनीशियन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बताया गया है कि 28 सितंबर को प्रथम वर्ष की पीजी प्रशिक्षु डॉक्टर मरीज के लिए प्लेटलेट्स की व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेने ब्लड बैंक पहुंची थीं। शिकायत के अनुसार, वहां ड्यूटी पर तैनात लैब तकनीशियन ने उनके साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया। डॉक्टर ने बाद में चिकित्सा अधीक्षक को लिखित शिकायत दी।
मामले के विरोध में टांडा की रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने पेन डाउन स्ट्राइक कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी। डॉक्टरों ने अस्पताल में महिला चिकित्सकों और प्रशिक्षुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
मामले में कांगड़ा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी विभागीय जांच के लिए टीम गठित की है। सरकार की ओर से कहा गया है कि स्वास्थ्य संस्थानों में इस तरह के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निलंबन के दौरान आरोपी का मुख्यालय हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रहेगा और विभागीय जांच पूरी होने तक कार्रवाई प्रभावी रहेगी।
