मंडी : 8 जून को शिक्षा संवाद एवं लैपटॉप वितरण समारोह में सीएम होंगे शामिल
मंडी में 8 जून को राज्य स्तरीय शिक्षा संवाद एवं लैपटॉप वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर मंडी के पड्डल मैदान में होने वाले इस समारोह के मुख्यातिथि होंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने यह जानकारी समारोह के आयोजन पर चर्चा को लेकर मंडी में बुलाई एक उच्चस्तरीय बैठक के उपरांत दी। बैठक में शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, नगर निगम मंडी की महापौर दिपाली जसवाल, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, नगर निगम पार्षद, शिक्षा विभाग मंडी के उच्च और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, डाइट मंडी के प्रिंसिपल एवं वल्लभ कॉलेज के प्रतिनिधियों सहित अन्य शिक्षाविद और अधिकारी उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस राज्यस्तरीय समारोह में जहां मंडी और आसपास के जिलों के लैपटॉप वितरण स्कीम के लाभार्थी मेधावी बच्चों समेत अन्य विद्यार्थी, शिक्षाविद और अभिभावक पड्डल मैदान में माजूद रहेंगे, वहीं प्रदेशभर के लाभार्थी विद्यार्थी, शिक्षाविद और अभिभावक वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ेंगे।गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना के संकट काल के चलते प्रदेश में पिछले दो वर्षों से यह आयोजन नहीं हो पाया है, अब इसे बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित करेंगे । प्रदेशभर में 20 हजार बच्चों को ये लैपटॉप दिए जा रहे हैं। इससे जहां बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत होगी, उनकी देखा देखी अन्य बच्चों में भी पढ़ाई में और अच्छा करने की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री समारोह में प्रदेश के विद्यार्थियों के साथ शिक्षा संवाद भी करेंगे। इससे बच्चों को बहुत प्रोत्साहन मिलेगा।
