शिमला में बारिश से बढ़ी ठंड, 23 तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। रोहतांग दर्रा, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक आदि चोटियों ने बर्फ की चादर ओड ली है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में बीते कल बारिश से ठंड बढ़ गई है। मार्च की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने को विवश कर दिया है। पर्यटक स्थलों में दिनभर पर्यटकों की भीड़ से बाज़ार गुलज़ार रह रहे है। 23 मार्च तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
मनाली में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। अटल टनल रोहतांग में बारिश हो रही है।सभी प्रकार के पर्यटक वाहन भी अटल टनल की ओर भेजे गए। वहीं, कुल्लू में दोपहर के बाद हल्की बारिश हुई है। साथ ही राजधानी शिमला में बीते कल बादल झमाझम बरसे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा। रविवार दोपहर बाद 5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बिलासपुर, डलहौजी, चंबा, नारकंडा और भुंतर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ के साथ भारी गर्जन की चेतावनी भी जारी हुई है।
