पालमपुर : मुख्यमंत्री भगवंत मान को भ्रष्टाचार के विरुद्ध साहस भरा कदम उठाने पर बधाई : शांता कुमार
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक अत्यन्त साहस भरा कदम उठा कर अपने ही स्वास्थ्य मंत्री को जेल भिजवाने के ऐतिहासिक काम के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार देश का सबसे बड़ा शत्रु है। सब कुछ होते हुए भी देश के करोड़ों लोग भुखमरी की हालत में और सुविधाओं से इसीलिए वंचित रहते हैं। यदि भारत में भ्रस्टाचार न होता तो भारत आज स्वर्ग की तरह होता। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार महापाप है और इसको मिटाने का काम बहुत बड़ी देशभक्ति और पुण्य का काम है। ऐसा अच्छा काम कोई भी करे उसकी प्रशंसा करने का साहस होना चाहिए और भ्रष्टाचार करने वाले अपनी ही पार्टी में हो तो उसका भी विरोध करने की हिम्मत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री सिंगला करोड़पति हंै। 6 करोड़ से अधिक उनकी सम्पत्ति है, परन्तु पैसों का पागलपन अब उन्हें जेल में ले गया। भ्रष्टाचार के प्रति रति भर भी सहन न करने की नीति होनी चाहिए।
शांता कुमार ने कहा भारतीय जनता पार्टी के एक राष्ट्रीय अध्यक्ष लाखों रुपए रिश्वत लेते हुए कैमरे में पकड़े गए थे, उन्हें त्यागपत्र देना पड़ा था।
उसके बाद राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में मैंने कहा था कि उस घटना से लाखों कार्यकर्ताओं के सिर शर्म से झुके हैं। उनका त्यागपत्र ही काफी
नहीं, उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिए। लालकृष्ण अडवानी मुझसे नाराज हुए परन्तु अटल विहारी बाजपाई ने हाथ के इशारे से यह कहने के लिए मुझे शाबाशी दी थी। मुझे प्रसन्नता है कि मैंने जीवन भर कहीं पर भी भ्रष्टाचार से समझौता नहीं किया।