कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी 13 मई को भरेंगे नामांकन
![Congress candidate Vinod Sultanpuri will file nomination on May 13.](https://www.firstverdict.com/resource/images/news/image36004.jpg)
**सीएम सुक्खू,प्रतिभा सिंह और संजय अवस्थी भी रहेंगे मौजूद
शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी 13 मई को सुबह 11 बजे शिमला में नामांकन भरेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद चौड़ा मैदान में जनसभा भी करेंगे। विनोद सुल्तानपुरी शिमला संसदीय क्षेत्र के सोलन जिला के कसौली से विधायक हैं। वह पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं। शिमला लोकसभा सीट पर कांग्रेस का दबदबा पहले से ही रहा है हां ये बात भी है कि पिछले 10 वर्षों से यह सीट भाजपा के कब्जे में है। विनोद सुल्तानपुरी के पिता स्वर्गीय केडी सुल्तानपुरी ने इस लोकसभा सीट पर ऐसा दुर्ग बनाया जिसे उनके चुनाव मैदान में रहते कोई भेद नहीं पाया। वह लगातार छह बार यहां से विजयी रहे। उनके लगातार जीत के रिकार्ड को कोई नहीं तोड़ पाया है। इस बार कांग्रेस ने सुल्तानपुरी पर दांव खेला है। क्या इस बार विनोद सुल्तानपुरी अपने पिता की तरह यहाँ परफॉर्म कर पाते हैं या नहीं ये देखना रोचक होगा।