साेलन : ओपीएस और महिला पेंशन के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस-महेंद्र नाथ सोफत
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन
भाजपा नेता व पूर्व मंत्री महेंद्र नाथ सोफत ने कहा कि कांग्रेस ओपीएस और महिला पेंशन के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झूठ बोलने का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि ओपीएस यूपीए के शासन काल में लागू की गई थी और हिमाचल इससे लागू करने वाला पहला राज्य था। तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि संसद में कानून बनने के बाद ही ओपीएस को लागू किया गया। कानून में संशोधन के बाद ही इससे सुधारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिन कांग्रेस शासित प्रदेशों में ओपीएस देने की घोषणा हुई है, वहां पर भी कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मदद के बगैर ओपीएस को लागू करना नामुमकिन है।
उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए उम्र की समय सीमा और न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की भी आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस महिलाओं को भी पेंशन के नाम पर भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्हें कहा कि यदि प्रदेश की 20 लाख महिलाओं को भी 1500 मासिक पेंशन दी जाती है, तो इसके लिए हर वर्ष 3600 करोड़ के बजट की जरूरत रहेगी। कांग्रेस बताएं कि इतना बजट कहां से आएगा। उन्होंने प्रदेश देश का विकास केंद्र सरकार के बिना संभव नहीं है। ऐसे में डबल इंजन की सरकार ही प्रदेश के लिए हितकारी रहेगी। सोफत ने सोलन से भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप को योग्य और कुशल नेता बताया।
उन्होंने कहा कि वह युवा होने के नाते ऊर्जावान होकर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं और उनकी समस्याओं को समझते हुए हैं, उन्हें हल करने का सामर्थ्य भी रखते हैं। उन्होंने सोलन के लोगों से अपना कीमती वोट देकर राजेश कश्यप को विजयी बनाने की अपील की। पत्रकार वार्ता में पार्षद कुलभूषण गुप्ता, धर्मचंद गुलेरिया, जयदेव शर्मा, वेद प्रकाश, भूपेंद्र ठाकुर, सुनील जग्गा, संजय पराशर, आशीष नेगी व अनूप शामिल रहे।
