एमसी चुनाव में कांग्रेस ने गारंटियों से की तौबा : बिंदल
( words)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी गारंटियों से तौबा कर ली है, कांग्रेस पार्टी को समझ आ गया है कि गारंटियों को देना तो आसान है, पर उनको पूरा करना मुश्किल है। इस बार नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी से अपने घोषणा पत्र में केवल इरादे दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. राजीव बिंदल की यह पहली प्रेस वार्ता रही।
बिंदल ने कहा कि न कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन मिली और न ही महिलाओं को 1500 रुपये मिले। प्रदेश की 22 लाख महिलाएं अभी भी 1500 रुपये के इंतजार में है। बिंदल ने कांग्रेस से पूछा कि 25 साल तक नगर निगम में कांग्रेस ही बनी रही, लेकिन उनके नेतृत्व से ढली की एक टनल तक नहीं बन पाई। भाजपा सरकार ने 70 करोड़ की लागत से पानी की योजना बनाकर उसे निर्धारित समय में पूर्ण किया और ढली में नई टनल का निर्माण भी 53 करोड़ की लागत से किया।
शिमला की जनता ने भाजपा के कार्यकाल में पिछले पांच साल में बदलता हुआ शिमला देखा है। भाजपा ने शिमला शहर को अनेकों सुविधाएं दी हैं। कांग्रेस इस बात से डरी हुई है। बिंदल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 6500 करोड रुपए आया है और शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ की नई पेयजल योजना भी भाजपा की सरकार ही लाई है। साथ ही 1516 करोड़ की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा उपस्थित रहे।