सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य अधर में लटका
3 वर्ष से अधिक समय बीत जाने के पश्चात भी पट्टा बरावरी में बनने वाला सामुदायिक भवन निर्माण कार्य अधर में लटका पड़ा है। इतना ही नही अभी तक उक्त भवन निर्माण कार्य के लिए घोषित राशि भी आधी अधूरी ही प्राप्त हो पाई है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में पूर्व समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ धनीराम शांडिल ने पट्टा बरावरी में बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था व सरकार से उक्त कार्य के निर्माण हेतु 5 लाख रुपये स्वीकृत करवाए थे। ततपश्चात वर्ष 2018 में पट्टाबरौरी के प्राचीन दुर्गा माता मेले के दौरान तत्कालीन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ राजीव सहजल ने भी उक्त निर्माणाधीन सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की थी। हैरानगी का विषय यह है कि मंत्री द्वारा घोषित राशि में से अभी तक मात्र 5 लाख रुपये ही मिल पाए हैं। इतना ही नहीं पट्टा बरावरी में बनने वाले इस सामुदायिक भवन के लिए जन सहयोग से भी लगभग 4 लाख रुपये पट्टा बरौरी निर्माण समिति को दिए गए थे। वर्तमान में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लटक गया है। निर्माणाधीन भवन की दीवारों में पलस्तर, खिड़कियों का काम, फर्श आदि होना शेष है।
पँचायत समिति सदस्य सोलन डी डी कश्यप ने बताया कि पट्टा बरावरी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन में राशि का सही उपयोग नहीं हुआ है। जन सहयोग से एकत्रित 4 लाख रुपयों की राशि को सरकार के 30-70 स्किम में डाला जाता तो आज राशि 12 लाख रुपयों के करीब होती। कश्यप ने रोष व्यक्त करते हुयेे कहा कि इतनी राशि खर्च होने के बावजूद धरातल पर कोई खास काम नजर नहीं आ रहा है व यह सब जांच का विषय भी है। कश्यप ने कहा कि वर्ष 2018 में मंत्री डॉ राजीव सहजल द्वारा पट्टा बरावरी से कन्यारा सड़क निर्माण करने के लिए अनुसूचित जाती उप योजना के तहत समुचित राशि उपलब्ध करवाए जाने की घोषणा भी अधूरी पड़ी है।
