भारत में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 132 करोड़ के पार
देशभर में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कोरोना वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी के चलते शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 132 करोड़ डोज के आंकड़े को पार कर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि शुक्रवार तक देश में 132 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि शुक्रवार को शाम 7 बजे तक देशभर में 68 लाख से ज्यादा खुराक दी गई। जानकारी के अनुसार इस दौरान कुल 68,63,955 डोज दी गई। वहीं अभी दिन के खत्म होने के साथ ही इस आंकड़े में बढ़ोत्तरी की उम्मीद जताई गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि अभी तक तकरीबन 81 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई है, वहीं 51 करोड़ से ज्यादा को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई है।