प्रदेश में 123 एम्बूलेंस कोरोना मरीजों के लिए फिक्स, रेडक्राॅस समेत आर्मी के वाहनाें काे भी तलाश रही प्रदेश सरकार
काेराेना संकट के दाैरान हिमाचल में काेविड-19 मरीजाें के लिए 123 एम्बूलेंस सुरक्षित हैं। राज्य स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिनों कोरोना मरीजों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस सेवा को सुदुढ़ करने के लिए स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों तथा चिकित्सा अधीक्षकों के साथ वीडियों काॅन्फ्रेंस के माध्यम से एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता की समीक्षा की थी। उस दाैरान स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार कोविड-19 मरीजों को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बताया गया कि राज्य के विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय एम्बुलेस सेवा 108 तथा जेएसएसके 102 के 123 वाहन कोविड सेवाओं के लिए समर्पित है। इसके अलावा प्रशासन तथा रेडक्राॅस जैसी संस्थाएं भी इस उद्देश्य में अपना योगदान दे रही हैं। स्वास्थ्य सचिव ने सभी जिलों के संबंधित जिला प्रशासनिक अधिकारियों को कोविड-19 के मरीजों की वाहन सुविधा के लिए सेना, अर्धसैनिक बल, ईएसआई, जल विद्युत परियोजनाओं आदि में उपयोग किए जा रहे वाहनों की संभावित उपलब्धता तलाशने के लिए कहा, ताकि कोरोना मरीजों के लिए एम्बुलेंस सुविधा समय पर सुनिश्चित की जा सके।
काेविड मरीजाें के लिए सिर्फ 108 नंबर एम्बूलेंस
स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने सभी जिला प्रशासनिक अधिकारियों को कोविड के मरीजों के लिए राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा 108 की एम्बुलेंस का उपयोग करने का परामर्श दिया। क्योकि ऐसे मरीजों को लंबी दूरी तय करने के दौरान ऑक्ससीजन की अधिक मात्रा में आवश्यकता रहती है। इसके अलावा कम दूरी तय करने वाले मरीजों की वाहन सुविधा के लिए जेएसएसके 102 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग किया जाना चाहिए, जिसमें आवश्यकता अनुसार छोटे ऑक्ससीजन सिलेंडर उपलब्ध होते है। उन्होंने कहा कि जिन मरीजों को ऑक्ससीजन की आवश्यकता नहीं है या ठीक हो चुके मरीजों को वाहन सुविधा प्रदान करने के लिए नाॅन-एम्बुलेंस वाहनों का उपयोग किया जा सकता है।