एमएस धोनी के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव, रांची के अस्पताल में भर्ती
जानलेवा कोरोना वायरस का साया अब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर पर भी पड़ गया है। एमएस धोनी के माता-पिता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, उन्हें रांची के पल्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। डॉक्टर्स के मुताबिक धोनी के पिता पान सिंह और माता देविका देवी की स्थिति फिलहाल ठीक है। राहत की बात है कि संक्रमण फेफड़ों तक नहीं पहुंचा है। यह जानकारी सीटी स्कैन से पता चली।
धोनी का परिवार मूलत: उत्तराखंड से है, उनके पिता पान सिंह 1964 में रांची स्थित मेकॉन में नौकरी मिलने के बाद बिहार में ही बस गए, यह हिस्सा अब झारखंड में आता है। इस मुश्किल घड़ी में महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार के साथ मौजूद नहीं हैं। वह फिलहाल आईपीएल खेलने में व्यस्त हैं, जो कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद स्टेडियम में खेला जा रहा है।