देश में 94 करोड़ लोगों को दी गई वैक्सीन की डोज
भारत में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 9 अक्टूबर तक देशभर में 94 करोड़ 70 लाख 10 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 66.85 लाख टीके लगाए गए है। वहीं, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार अबतक करीब 58.25 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 12.83 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से कम है। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.33 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 97.98 फीसदी है। एक्टिव केस 0.70 फीसदी हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत अब 9वें स्थान पर है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है। जबकि अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।