भोटा में प्रेमिका संग रह रहे पति ने पत्नी को पीटा, प्रेमी जोड़ा हवालात बंद
जिला के भोटा क्षेत्र में एक किराए के क्वार्टर में प्रेमिका के साथ रह रहे शादीशुदा युवक को उसकी पत्नी ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद हुए विवाद में पति और उसकी प्रेमिका ने मिलकर पत्नी की जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित पत्नी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया है।
क्या है पूरा मामला:
मिली जानकारी के मुताबिक जिला के कोट,कलंझडी क्षेत्र के एक नजदीकी गांव से ताल्लुक रखने वाला यह युवक उत्तराखंड की एक निजी कंपनी में काम करता था। वहीं उसका संपर्क उत्तराखंड की एक युवती से हुआ और दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसके उपरांत युवक प्रेमिका को भोटा ले आया और यहा क्वार्टर लेकर दोनों साथ रहने लगे।
शनिवार शाम को जब युवक की पत्नी को इस बात का पता चला तो वह सीधे भोटा क्षेत्र स्थित क्वार्टर में पहुंच गई। अपनी आंखों के सामने पति को दूसरी महिला के साथ देखकर जब उसने विरोध किया तो पति और प्रेमिका उस पर टूट पड़े और उसकी पिटाई कर दी। हंगामे और शोर-शराबे के बाद मौके पर पहुंची भोटा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में यह मामला भारी चर्चा का विषय बना हुआ है। युवक की पत्नी की शिकायत पर यह मामला दर्ज हुआ है।
इसके बारे में एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला की शिकायत पर उसके पति और एक अन्य महिला को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल मिला रही है।
