शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, PIT-NDPS एक्ट के तहत एक और आदतन ड्रग तस्कर हिरासत में
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने आदतन नशा तस्कर कुलदीप ठाकुर उर्फ मोनू निवासी सरस्कन, तहसील धर्मपुर जिला मंडी, वर्तमान निवासी लोअर विकासनगर शिमला, के खिलाफ निरोधात्मक डिटेंशन की कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट की धारा 3(1) के अंतर्गत डिटेंशन आदेश जारी किए गए।
पिछले कल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आदर्श कारागार कंडा में दाखिल कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ शिमला जिले के विभिन्न पुलिस थानों में हेरोइन/चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 और 2025 में पूर्व शिमला, ढली और संजौली थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। इन मामलों में आरोपी से कुल मिलाकर कई ग्राम हेरोइन/चिट्टा और नकदी भी बरामद की गई थी।
जिला शिमला पुलिस का कहना है कि PIT-NDPS एक्ट के तहत इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य आदतन नशा तस्करों को दोबारा अपराध करने से रोकना और समाज से दूर रखना है।
गौरतलब है कि जिला शिमला पुलिस अब तक कुल 39 आरोपियों के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई कर चुकी है।
