सोलन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: : विवांता मॉल पार्किंग से 3 तस्कर गिरफ्तार, जीरकपुर से मुख्य सप्लायर भी दबोचा
सोलन में जिला पुलिस की SIU टीम ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12.48 ग्राम चिट्टा तथा नकदी बरामद की है। मामले में आगामी जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 मई 2026 को एक गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने विवांता मॉल की पार्किंग में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक TUV वाहन में बैठे तीन युवकों के कब्जे से 7.07 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और ₹29,000 नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंदर बत्ता (43) निवासी सलोगड़ा, तेज सिंह (39) निवासी कसौली तथा शुभम ठाकुर (30) निवासी जुंगा, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में FIR नंबर 110/2026 के तहत धारा 21 और 29 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया। मामले में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
दिनांक 06 मई 2026 को आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 4 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा जीरकपुर से खरीदा गया था।
इसके बाद पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य सप्लायर मनदीप पुत्र दलबीर सिंह, निवासी कैथल, हरियाणा को जीरकपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5.41 ग्राम चिट्टा/हेरोइन भी बरामद की गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। देवेंदर बत्ता के खिलाफ सोलन और परवाणू में 2 मामले दर्ज हैं, जबकि तेज सिंह के खिलाफ हिमाचल और हरियाणा में चिट्टा तस्करी से जुड़े 6 मामले तथा IPC की गंभीर धाराओं के तहत 3 अन्य मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की जांच लगातार जारी है।
