शिमला में 64 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
शिमला जिला पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना पश्चिम शिमला की टीम ने 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को स्पेशल सेल शिमला की पुलिस टीम तारादेवी क्षेत्र में गश्त, यातायात चेकिंग और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में दो व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शोघी की ओर से शिमला आ रहे हैं और स्थानीय युवाओं को यह खेप बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार से 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा वाहन से नकद राशि भी जब्त की गई।
पुलिस ने मामले में कर्ण निवासी कलस्टन, शिमला (35) और कर्ण वर्मा निवासी ठियोग, जिला शिमला (30) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पश्चिम शिमला में FIR नंबर 83/2026 के तहत ND&PS Act की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
