साइबर ठगी : स्कैम के जरिए नालागढ़ की कंपनी से 2.20 करोड़ की ठगी, राजस्थान से दो आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ की एक कंपनी से साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम पुलिस शिमला की टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, चेकबुक और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस को आशंका है कि ठगी से जुड़े और लोग भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपियों ने कंपनी के एक कर्मचारी से व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताते हुए कर्मचारी पर दबाव बनाया और कंपनी के बैंक खाते से 2.10 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए। इस तरह की ठगी को सीईओ स्कैम या बॉस स्कैम कहा जाता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर अपनी कंपनी का बैंक खाता साइबर ठगी के लिए उपलब्ध करवाया था। इसी खाते में ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा पहुंचा था।
वहीं, दूसरे आरोपी की भूमिका भी पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई है। आरोप है कि वह साइबर ठगी से जुड़े लोगों के ठिकाने की व्यवस्था करने और बैंक खातों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में शामिल था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज और बैंकिंग रिकॉर्ड भी जुटाए हैं।
अब पुलिस ठगी की रकम के लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और रकम कहां-कहां ट्रांसफर हुई।
