डाडा सीबा: आरा चौक पर बेकरी सामान से लदी पिकअप अनियंत्रित, टला बड़ा हादसा
डाडा सीबा क्षेत्र के अंतर्गत आरा चौक स्थित खतरनाक यू-टर्न मोड़ पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 6:30 बजे के करीब संसारपुर टैरस से बाया जौड़बड होते हुए हमीरपुर की ओर जा रही बेकरी के सामान से लदी एक पिकअप गाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पिकअप आरा चौक के तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक सही तरीके से काम न करने के कारण वाहन मोड़ नहीं काट सका और सड़क से नीचे उतराई वाले कच्चे रास्ते की ओर चला गया। गाड़ी पास के मकानों के नजदीक पत्थरों से टकराकर रुक गई। गनीमत यह रही कि उस समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक ने बताया कि अचानक ब्रेक कम लगने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि वाहन को आंशिक क्षति पहुंची है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आरा चौक का यह यू-टर्न पहले भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर चेतावनी संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और क्रैश बैरियर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
