डाडासीबा : फिर वरदान साबित हुई 108, महिला ने स्वस्थ लड़की को दिया जन्म

हिमाचल प्रदेश में 108 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसका ताजा उदाहरण सोमवार रात 10 बजे जिला कांगड़ा के रानीताल गांव में देखने को मिला, जहां 35 वर्षीय महिला ने 108 एंबुलेंस में स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार गांव बौंगता की गर्भवती महिला सुमन देवी पत्नी राकेश कुमार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो महिला को निजी गाड़ी में सिविल हॉस्पिटल देहरा पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया।
टांडा ले जाते समय महिला की तबीयत और खराब होने लगी। महिला की हालत देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी अमित और चालक रविंदर कुमार ने रानीताल गांव के पास एंबुलेंस को रोककर महिला का सफल प्रसव करवाया। महिला ने स्वस्थ लड़की को जन्म दिया। उसके बाद महिला को मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया गया वहां पर महिला को चिकित्सकों द्वारा उपचार दिया जा रहा है। ईएमटी अमित ने बताया महिला ने स्वस्थ लड़की को जन्म दिया और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।