दाड़लाघाट : खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा राज्य में लगाए जाएंगे 364 नए ग्रामोद्योग
खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड हिमाचल प्रदेश द्वारा राज्य में 364 नए ग्रामोद्योग लगाए जाएंगे। जिस पर 10.53 करोड़ रुपए की धनराशि उपदान के रूप में पात्र व्यक्तियों को प्रदान की जाएगी और 2984 लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मुहैया करवाया जाएगा। यह बात हिमाचल प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया ने दाड़लाघाट के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का गठन वर्ष 1968 में किया गया था। इसके गठन के पीछे महात्मा गांधी का मूल विचार यह था कि छोटे कारोबारियों व लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करवाए जाएं ताकि गांवों के लोगों का पलायन शहरों की तरफ न हो। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में भी इस टारगेट को 103 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है और 11 करोड़ 43 लाख रुपए की सब्सिडी पात्र लोगों को दी। उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्षों में 1234 यूनिट लगाए और 86,538 लोगों को रोजगार दिया। इस मौके पर किसान मोर्चा अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, मंडल महामंत्री राकेश ठाकुर, मंडल मीडिया प्रभारी पवन गौतम, व्यापार मंडल के उपप्रधान हेमराज गौतम, भरत गौतम आदि उपस्थित रहे।
