दाड़लाघाट: कांग्रेस को हिमाचल के नेताओं पर भरोसा नहीं, बाहर से बुला रहे प्रचारक- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अर्की से बीजेपी प्रत्याशी रतन सिंह पाल के पक्ष में दाड़लाघाट में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जयराम ठाकुर विपक्ष पर खूब हमलावर रहे। उन्होंने विपक्ष पर कई तीर साधे और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों, खास तौर पर कन्हैया कुमार को आड़े हाथों लिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में उस व्यक्ति को स्टार प्रचाकर बनाया गया है जो सेना के जवानों को रेपिस्ट कहता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों को दूसरे प्रदेशों से बुलाया है। उन्हें हिमाचल के नेताओं पर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस में भविष्य देख कर कन्हैया और सिद्धू उस पार्टी में गए थे, लेकिन कांग्रेस की हालत और खराब हो गई।इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंच से दिवंगत विधायकों और सांसद रामस्वरूप शर्मा को याद किया। जयराम ठाकुर ने कहा इस साल हमने बहुत से वरिष्ठ नेतृत्व को खोया। उन्होंने पूर्व सांसद स्वर्गीय पंडित रामस्वरूप शर्मा, जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक नरेंद्र बरागटा, फतेहपुर से कांग्रेस विधायक रहे स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया और अर्की से विधायक रहे वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अर्की से बीजेपी प्रत्याशी रतन सिंह पाल की तारीफ भी की। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकार के अब तक के कार्य और योजनाएं भी गिनवाईं। उन्होंने हिमकेयर, गृहिणी सुविधा योजना, शगुन योजना का जिक्र किया। सीएम ने कहा, कोविड के कारण हम आप लोगों के बीच नहीं आ सके तो वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किए। हिमाचल में हमने कहीं भी कुछ कहा है तो सब पूरा किया गया है। एक-एक वादा पूरा किया जाएगा। उस वादे को पूरा करने का आनंद तब आएगा जब यहां विधायक सरकार के साथ चलने वाला विधायक हो।'
