दाड़लाघाट : आधार को पैन से लिंक करने में लोगों को पेश आ रही दिक्कतें

आधार कार्ड को पैन कार्ड से लिंक करने पर लोगों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आयकर विभाग ने इसे लिंक करने के लिए 31 मार्च तक एक हजार की पेनल्टी के साथफरमान जारी किया है। मार्च 2022 से पहले इन्हें फ्री में ही लिंक करना था, लेकिन तब लोगों को जागरूक नहीं किया गया। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। अब लोग अपना पैन आधार के साथ लिंक करने के लिए लोकमित्र केंद्रों में दौड़ तो रहे हैं, लेकिन वहां जाकर भी उन्हें परेशानी के सिवा कुछ नहीं मिल रहा है, क्योंकि इसे लिंक करने वाली साइट खुल ही नहीं रही है। यदि थोड़े समय के लिए खुल जाती है तो पहले एक हजार की पेनल्टी भरनी होती है।
एक हजार कट जाता है, लेकिन उसके बाद साइट फिर गायब हो जाती है। कस्टमर का पैसा बैंक में जमा हो जाता है, लेकिन साइट न खुलने की वजह से उसका आधार पैन से लिंक नहीं हो पाता। इस प्रकार लोग लोकमित्र केंद्रों के कई कई चक्कर काट रहे हैं, उनका जो पैसा बैंक में जमा हो गया है, उसके लिए उन्हें बैंक में जाकर प्रार्थना पत्र देना पड़ता है कि उनका इतना पैसा विभाग की साइट पर जमा हो चुका है, उसे वापस किया जाए और भी विभिन्न प्रकार की परेशानियां झेल रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार या विभाग को पहले लोगों को जागरूक करना चाहिए या ग्राम पंचायत के माध्यम से गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए था।