दाड़लाघाट : बडोग में विश्व श्रमिक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बडोग में विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सदन के शिक्षक मदन व भाषा अध्यापक हेमराज ने विश्व श्रमिक दिवस की जानकारी दी। विद्यालय के मुख्याध्यापक पीसी बट्टू ने बताया कि भारत में वर्ष 1923 से प्रति वर्ष एक मई को विश्व मजदूर मनाया जाता है। यह दिवस श्रमिकों के प्रति संवेदना, सम्मान, सुरक्षा व सद्भाव पूर्ण व्यवहार के लिए प्रेरित करता है। श्रमिकों को मानवीय सहायता की आवश्यकता होती है और उन्हें मशीन नहीं समझना चाहिए। इस वर्ष के लिए विश्व मजदूर दिवस का थीम "सकारात्मक सुरक्षा और स्वास्थ्य संस्कृति का निर्माण करने के लिए मिलकर कार्य करना" है।
उन्होंने कहा कि किसी भी अर्थव्यवस्था की रीढ़ श्रमिक होते हैं। भीम राव अंबेडकर ने स्वतंत्र भारत में उनके काम के घंटे का समय 8 तय करने के लिए संघर्ष किया था। उनके मानव अधिकारों के प्रति सरकारों को सचेत किया। विद्यालय परिवार ने सभी श्रमिकों को इस दिवस की शुभकामनाएं दीं। स्कूल में श्रमिक कार्य करने वाले श्रमिक नंद लाल और हेम चंद को स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हेम चंद ने पुष्प और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। दोनों श्रमिकों ने इस सम्मान के लिए मुख्याध्यापक सहित पूरे स्कूल का धन्यवाद किया। इस आयोजन में नंद लाल, हेम चंद, विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों सहित विद्यार्थियों ने भाग लिया।