दाड़लाघाट: नेशनल पब्लिक स्कूल धुंदन में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का हुआ शुभारंभ
नेशनल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंदन में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना के वार्षिक शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य भीमा वर्मा ने की। उन्होंने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जिसमें स्वागत गीत, एनएसएस गीत तथा लोक नृत्यों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का मन मोह लिया। एनएसएस प्रभारी हरेंद्र वर्मा व किरण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दिनों में छात्र शिविर के दौरान गोद लिए गांव पसल जेरी, पसलवाला, स्थानीय अस्पताल, मंदिर, खेल मैदान आदि स्थानों में जाकर उनके परिसर की सफाई, रास्तों की सफाई, नालियों की सफाई तथा बावड़ियों की सफाई करेंगे। यह शिविर 30 दिसंबर तक चलेगा जिसमें 29 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य ने बच्चों को अनुशासन में रहकर सद्भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी हरेंद्र वर्मा और किरण शर्मा शिविर में इन दिनों चलने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बीआर वर्मा और सभी स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।
