कुनिहार : बेटियों ने अपनी मृतक माता को दी मुखाग्नि
रंजीत सिंह। कुनिहार
कुनिहार में बेटियों ने अपनी मृतक माता को मुखाग्नि दी। जिसे देख हर किसी की आंख नम हो गई। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे के आस पास जैसे ही शिमला से मृतक आशा देवी का पार्थिव शरीर उनके घर हाटकोट बाजार में लाया गया, तो हर किसी की आंख नम थी, जब मृतक महिला को क्षेत्र के श्मशानघाट ले जाया गया, वहां उक्त महिला की सबसे बड़ी बेटी मीनाक्षी व उसके पति पवन शर्मा ने अंतिम संस्कार की संपूर्ण विधि को संपन्न किया व मुखाग्नि देने के लिए मीनाक्षी शर्मा की छोटी विवाहिता बहन ज्योति व शिक्षा ग्रहण कर रही बहन उपासना शामिल रही। अपनी मृतक माता को मुखाग्नि देने के उपरांत तीनों बेटियों ने नम आंखों से अपने पिता का हौंसला बढ़ाया।
गौरतलब है कि गत दिन कुनिहार शिमला मार्ग बडेहरी के समीप सड़क हादसे में आशा देवी की मृत्यु हो गई थी। मृतक आशा देवी का गत रविवार को ही जन्मदिन था व वह कुछ दिनों से शिमला में ही थी। इस खुशी को मनाने वह अपने पति के साथ शिमला से कुनिहार अपने घर आ रहे थे, जंहा बेटियों ने अपनी माता का जन्मदिन मनाने की पूरी तैयारियां भी कर रखी थी, पर उन्हें क्या मालुम था कि ऐसी कोई दुखद खबर भी सुनने को मिल जाएगी। उक्त घटना से जंहा परिवार पर दुखों का पहाड़ पड़ा, तो वहीं, संपूर्ण क्षेत्र शोकाकुल हो गया।
