शिमला : डीसी ने अधिकारियों संग की मीटिंग
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की अध्यक्षता में आजादी के अमृत महोत्सव के संबंध में एक मीटिंग हुई। यह मीटिंग कैच द रेन कार्यक्रम के तहत जिले में बनने वाले 75 अमृत सरोवर की पहचान करने के संबंध में हुई। इस मौके पर डीसी ने कहा कि जिला शिमला में बनने वाले सभी 75 अमृत सरोवर की पहचान की जा चुकी है, जिसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कर 15 अगस्त से पहले पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि जिला में कैच द रेनÓ कार्यक्रम के अन्तर्गत सभी जगहों में प्राथमिकता के आधार पर 75 अमृत सरोवर बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के दृष्टिगत इसे आजादी का अमृत महोत्सव के साथ जोड़ा गया है। इन अमृत सरोवरों पर 15 अगस्त को क्षेत्र के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजन अथवा किसी शहीद के परिजन द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह, परियोजना अधिकारी डीआरडीए संजय भगवती, डीएफओ शिमला एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
