डीसी ऊना बोले, घर-घर से नशा भगाएंगे, सभी विभागों के सहयोग से नशा मुक्त अभियान चलाएंगे
( words)
देश में पहली बार सभी विभागों के सहयोग से जिला स्तर पर ऊना जिले में नशा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में विद्यार्थियों की वर्तमान मानसिक स्थिति जानने और इसमें बदलाव का पता लगाया जाएगा। इसके लिए बेसलाइन सर्वे किया है। इसका निष्कर्ष निकाला जा रहा है। इसके बाद एंड लाइन सर्वे में बदलाव का पता लगाया जाएगा। उपायुक्त राघव शर्मा की पहल से ऊना में यह अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिले में एक साल तक चलेगा। अभियान सफल रहा तो देश को ऊना नई दिशा दिखाएगा और रिकॉर्ड बनाएगा। पंजाब से सटे ऊना जिले में इस अभियान में 77 दिन ट्रेनिंग में लगभग 5 हजार लोगों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षित लोग नशों के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली व्याधियों के अलावा नशे के दुष्परिणामों बारे शिक्षित कर मानसिक रूप से सक्षम बनाएंगे। जिले के 287 शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 54,000 बच्चे इस अभियान का लक्ष्य हैं। रेडक्रॉस की ओर से यह अभियान गुंजन संस्था के तकनीकी सहयोग से चलाया जा रहा है। बच्चे 6, 8, 10, 12,14, 15 साल की उम्र में नशे की शुरूआत करते हैं।
उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि पंजाब से सटे ऊना जिले में नशे की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए नशा मुक्त ऊना अभियान की संकल्पना की गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में नशे की समस्या को नियंत्रित कर इसके उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाना है। अभियान की रूपरेखा की समस्या की वस्तुस्थिति एवं गंभीरता को ध्यान में रखकर बनाई गई है।