बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और उनके बेटे पर जानलेवा हमला
** अज्ञात बदमाशों ने मंडी भराड़ी में दिया वारदात को अंजाम
** कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
बिलासपुर सदर के पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर और उनके बेटे पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना बिलासपुर शहर के साथ लगते मंडी भराड़ी की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को यहां रेलवे ऑफिस के पास कुछ बदमाशों ने बंबर ठाकुर और उनके बेटे ईशान ठाकुर पर हमला कर दिया, जिसमें बंबर ठाकुर को काफी चोटें आई हैं।
वहीं, बंबर ठाकुर पर हमले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, बिलासपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। डीएसपी मदन धीमान ने कहा कि बंबर ठाकुर को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।