देहरा: साई इंटरनेशनल स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया "पृथ्वी दिवस"
साई इंटरनेशनल स्कूल में पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया।
सभा के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए गए, जिनमें माँ पृथ्वी की देखभाल के महत्व को उजागर किया गया। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों ने एक सुंदर नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने सराहा।
कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों ने ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ गतिविधि में भाग लेकर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया और पुनः उपयोग व पुनर्चक्रण का महत्व बताया। वहीं कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला के जरिए पृथ्वी के प्रति प्रेम और चिंता व्यक्त की। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी एवं कक्षा 1 के नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस और स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा और प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
