देहरा: अच्छी सेहत पर केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में हुआ व्याख्यान
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर बलाहर में "सेहत अपने हाथों में" विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. गुरिन्द्र सिंह ने "दर्द को बिना दवाइयों के कैसे ठीक कर सकते हैं" इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. सिंह ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में तनाव और दर्द प्रबंधन के लिए कई प्राकृतिक और गैर-औषधीय उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ध्यान, योग, एक्युप्रेशर, और विभिन्न व्यायामों के महत्व पर बल दिया। वहीं उच्च रक्तचाप और कमर दर्द जैसी आम समस्याओं के लिए फिजियोथेरेपी के लाभों की भी चर्चा की।
डॉ. गुरिन्द्र सिंह का व्याख्यान अत्यंत प्रभावशाली रहा। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया, जिसमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों शामिल हैं। उनके व्याख्यान ने सभागार में मौजूद समस्त छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों को यह समझने में मदद की कि कैसे वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करके अपने स्वास्थ्य में सुधार ला सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने डॉ. सिंह के साथ एक संवादात्मक सत्र में भाग लिया।जहाँ उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए । इस अवसर पर परिसर निदेशक प्रो सत्यम कुमारी, विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्ष,सहायकाचार्य,कर्मचारी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
