देहरा : कांगड़ा घाटी की ट्रेनें न चलाने पर फूटा लोगों का गुस्सा
** नंदपुर रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन, विभाग के खिलाफ नारेबाजी की
** नवभारत एकता दल के राष्ट्रीय संयोजक पीसी विश्वकर्मा ने किया नेतृत्व
कांगड़ा घाटी की ट्रेनें न चलाने के विरोध में आज नवभारत एकता दल के राष्ट्रीय संयोजक पीसी विश्वकर्मा के नेतृत्व में लोगों ने नंदपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री से नूरपुर रोड से गुलेर तक दो ट्रेनें चलाने की मांग की।
लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री तो लोगों की तकलीफ समझते हैं, पर फिरोजपुर रेलवे मंडल के प्रबंधक बड़े संवेदनहीन हैं, जो कि जिद्द पर अड़े हुए हंै कि पूरे रेल ट्रैक की रिपेयर होने के बाद ही ट्रेनें चलाएंगे।
नंदपुर के कांग्रेस नेता फौजा सिंह धीमान ने कहा कि कांगड़ा घाटी रेल ट्रैक पर अगर विभाग रेलगाड़ी नहीं चलाना चाहता तो इसे निजी हाथों में दे दो, ताकि मेट्रो की तर्ज पर कोई प्राइवेट कंपनी यहां ट्रेनें चलाए।
वहीं, विश्वकर्मा ने रेलमंत्री से पूछा कि कालका-शिमला ट्रैक अधिक क्षतिग्रस्त हुआ था, फिर भी एक महीने के अंदर कैसे बहाल हो गया। उन्होंने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ट्रेनें चलना शुरू नहीं हो जातीं।
