देहरा: राजीव राणा ने मुबारिकपुर में कामधेनु गोल्ड सीमेंट फैक्ट्री का किया उद्घाटन
औद्योगिक क्षेत्र मुबारिकपुर में कामधेनु गोल्ड सीमेंट फैक्ट्री का काम शुरू गया। असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश चेयरमैन व सचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी राजीव राणा ने सीमेंट फैक्ट्री का उद्घाटन किया। मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति में राजीव राणा ने कहा कि उद्योगों में निवेश से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और ये श्रेय हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच को जाता है।
राजीव राणा ने कहा कि प्रदेश की सुख की सरकार की नीतियां आम जनमानस के कल्याण के लिए हंै। आज ई टैक्सी, राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना, वन मित्र योजना, स्वावलंबन योजना, रोजगार संगम योजना जैसी योजनाओं को धरातल पर उतार कर युवाओं के लिये रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
राजीव राणा ने फैक्ट्री प्रबंधक पवन ठाकुर का सीमेंट उद्योग चलाने पर आभार जताया और कहा कि इस उद्योग से क्षेत्र के कई युवाओं को रोजगार मिलेगा। राणा ने उद्योगपतियों से आह्वान किया कि नये उद्योग स्थापित करें, ताकि हिमाचल की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ युवाओं को रोजगार मिल सके। इस मौके पर प्रदेश सचिव सचिन बालियान, जिलाध्यक्ष ठाकुर रजनीश पटियाल, सुरेंद्र कुमार आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
