देहरा : भाजपा कब से कर्मचारियों के हित की सोचने लगी : रजनीश ठाकुर
केकेसी जिला कांगड़ा के अध्यक्ष रजनीश ठाकुर ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप के उस बयान पर खेद व्यक्त किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को कर्मचारी विरोधी करार दिया है। असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनीश अंकु पटियाल ने कहा कि भाजपा कब से कर्मचारियों के हित की सोचने लगी, यह सुनकर प्रदेशवासी हैरान हैं। उनका कहना है अगर भाजपा कर्मचारी और पेंशन धारकों का हित चाहने वाली पार्टी है तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर्मचारियों और पेंशनर्स के पे स्केल की शेष राशि का पूरा भुगतान करते और कर्मचारियों और पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भी पूरा भुगतान अपने कार्यकाल में ही करते। उस वक्त सुरेश कश्यप ने अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री को क्यों नहीं कहा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स की शेष राशि का शीघ्र भुगतान करें। भाजपा ने पुरानी पेंशन स्कीम क्यों लागू नहीं की।
केकेसी संगठन के जिलाअध्यक्ष व सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि पेंशन धारकों के चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करें, क्योंकि कई पेंशन धारक कई जानलेवा बीमारियों से पीड़ित हैं और चिकित्सा के लिए उनको काफी पैसे की जरूरत है।
