देहरा: डॉ. सुकृत ने कहा – मेरी छवि को धूमिल करने की रची जा रही साजिशें, पुलिस थाना हरिपुर में दर्ज करवाई शिकायत
देहरा क्षेत्र में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरा को अवैध खनन के संबंध में एक शिकायत भाजपा नेता डॉ. सुकृत सागर नाम से प्राप्त हुई। उक्त शिकायत के आधार पर मामले को आगे थाना हरिपुर को मार्क भी कर दिया गया। इसी प्रकार की एक शिकायत माइनिंग विभाग को भी भेजी गई, जिसे संबंधित अधिकारियों ने बिना सत्यापन के अग्रेषित कर दिया। मामले ने तब तूल पकड़ा जब डॉ. सुकृत सागर ने स्पष्ट किया कि उक्त शिकायतें उन्होंने नहीं भेजी हैं और इन पत्रों पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं हैं। उन्होंने इसे उनके नाम का दुरुपयोग बताते हुए गंभीर आपत्ति जताई।
डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि यह उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने की सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा, “मेरे खिलाफ लगातार साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की घटनाएं राजनीति में गिरते स्तर को दर्शाती हैं, जहां जनसेवा और मुद्दों की बहस के बजाय व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मेरे नाम से झूठी शिकायतें भेजना एक धोखाधड़ीपूर्ण कृत्य है, जिसका उद्देश्य मेरी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। लेकिन मैं ऐसी साजिशों और रंजिशों से डरने वाला नहीं हूं।” डॉ. सुकृत सागर ने इस संबंध में थाना हरिपुर में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है और अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
